साठ हजार अतिथि शिक्षक मजदूर दिवस से बेरोजगार
//सालाना अनुबंध के आदेश के साथ शिवराज सरकार की घोषणाओं पर अमल नहीं कर सकी मोहन सरकार जिसका दंश भुगतने साठ हजार अतिथि शिक्षक मजबूर//
एकमुश्त साठ हजार अतिथि शिक्षक मजदूर दिवस से बेरोजगार सड़कों पर
मंडला।
मध्यप्रदेश के लगभग साठ हजार अतिथि शिक्षक सरकार के द्वारा आज 1 मई मजदूर दिवस से मध्यप्रदेश से एकमुश्त लगभग साठ हजार की बड़ी संख्या में बेरोजगार कर दिए गए हैं। लगता है,सरकार इतनी बेरहमी से इस दिन का इंतजार भी कर रही थी।जिसके कारण अब अतिथि शिक्षकों की जेब ही नहीं उनके चूल्हों पर भी गहरी गरीबी का असर एक बार फिर से पड़ने वाला है।
जारी विज्ञप्ति में बताया है,कि 2023-24 शिक्षा सत्र 30 अप्रैल को समाप्त हो गया है। अतिथि शिक्षकों को बेसब्री से इंतजार था,कि अतिथि शिक्षकों के लिए अब तक रोज-ब-रोज जिस तरह आदेश पर आदेश जारी हुआ करते थे। 30 अप्रैल से आगे कार्यकाल बढ़ाये जाने भी आदेश जरूर जारी किये जाएंगे पर 30 अप्रैल की देर शाम तक इंतजार की घड़ी खत्म हो गई और सरकार ने ऐसे कोई आदेश जारी नहीं किए जिससे सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ शाला प्रबंधन के लिए लगन से काम करते आ रहे मध्यप्रदेश के हजारों अतिथि शिक्षकों की सेवाएं लगातार जारी रखी जा सकें।जबकि अतिथि शिक्षकों के द्वारा बेहतर परीक्षा परिणाम दिलाए जाने बेहतर काम करने के लिए चारों ओर प्रसंशा की जाती है।अब फिर से बेरोजगार हुए अतिथि शिक्षकों के परिवारों पर गहरी गरीबी का असर पड़ने वाला है।वैसे तो इनको काम से बाहर किये जाने का सिलसिला शुरुआत यानी 2008 से ही बंद नहीं हुआ है। शिक्षा विभाग की किसी भी नीति के आते ही इनको काम से बाहर होना ही पड़ता आ रहा है।इसके पहले भी लाखों की तादाद में अतिथि शिक्षक काम से अलग किये जा चुके हैं।जो काम धंधे की तलाश करते बहुत ज्यादा परेशान सड़कों पर देखे जा सकते हैं। कुछ तो असमय काल कवलित भी हो चुके हैं। चूंकि अतिथि शिक्षक 2008 से यानी सत्रह वर्षों से इसी काम पर लगे हुए हैं।शाला प्रबंधन और पढ़ाई कार्य में दक्ष हो चुके अतिथि शिक्षकों को सरकार इनके नियमितीकरण पर विचार अब भी नहीं कर रही है।जबकि विधानसभा चुनाव 2023 के ठीक पहले 2 सितंबर को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में पंचायत बुलाकर नियमितीकरण से संबंधित सेवाएं लगातार जारी रखने सालाना अनुबंध करने की घोषणा भी कर चुके हैं।सरकार तो उनकी पार्टी की ही बनी पर उनके मुख्यमंत्री पद से हटते ही सारी की सारी घोषणाएं धरी की धरी रह गईं। वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिवराज सिंह चौहान की घोषणाओं पर अमल करने का विचार अब तक नहीं किया है।जिसके कारण ही अतिथि शिक्षकों को अप्रैल की आखिरी तारीख से मध्यप्रदेश के लगभग साठ हजार की बड़ी संख्या में एकमुश्त बाहर होना पड़ रहा है।
अतिथि शिक्षक अब भी मोहन सरकार पर उम्मीद जता रहे हैं,कि उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाये जाने और अब तक बाहर होते आ रहे अतिथि शिक्षकों को काम पर बुलाए जाकर नियमित रोजगार पर लगाए रखने के आदेश जारी अवश्य कराए जाएंगे।