तेज आंधी-तूफान ने ले लिया दो की जान और कर दिया दर्जनों को घायल
रामनगर बाजार हाट के समय तेज आंधी तूफान से गिरे पीपल के पेड़ ने कर दिया हताहत
//मृतक के परिजनों तथा घायलों को प्रदान की जा रही आर्थिक सहायता//
समुदाय वार्ता, मंडला
मंडला। मंगलवार 7 मई की शाम को बिछिया विकासखंड के रामनगर में हाट-बाजार में हुई पेड़ गिरने से हुई घटना में 2 महिलाओं की दर्दनाक मृत्यु हो गई। अन्य तीन दर्जन के आसपास व्यक्ति घायल भी हुए हैं। जिनमें 7 गंभीर रूप से तथा 29 आंशिक रूप से घायल हैं। गंभीर रूप से घायलों को मेडीकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया किया गया है, शेष सभी का उपचार जिला चिकित्सालय मंडला में किया जा रहा है। घटना में सुक्कोबाई झारिया एवं खुजलो बाई की मृत्यु हो गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को रामनगर में स्थानीय बाजार का दिन था। शाम करीब 5 बजे अचानक तेज आंधी आई ।जिसके कारण बाजार हाट के बीच स्थित पीपल का बड़ा पेड़ अचानक टूटकर गिर गया । जिससे बाजार हाट में घरेलू जरूरत की सामग्रियां खरीदने पहुंचे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई।घटना का शिकार होकर दो महिलाओं की मौत की भी खबर है। मृतकों के परिजनों तथा सभी घायलों को प्रशासन के द्वारा आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही पात्र सम्बल हितग्राहियों को आर्थिक सहायता तथा आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि दिया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है।जिला चिकित्सालय में समाजसेवी, प्रशासनिक अमला और बिछिया विधायक नारायण पट्टा भी हालचाल जानने पहुंचे।